Pages

Saturday, 22 August 2026

दादी, दादू और बिट्टू - 4

"डॉक्टर बिट्टू"  

डॉ बिट्टू -- मुफ्त सलाह के लिए मिलें 😎

अगर आप छे साल के बिट्टू से पूछो की वो बड़ा हो कर क्या बनेगा तो कई तरह के जवाब मिल सकते हैं:

- 1. रोनाल्डो बनूँगा - ये शायद इसलिए कि फुटबाल कोच ने ट्रेनिंग देते हुए रोनाल्डो के बारे में कुछ बताया होगा। अभी तो हफ्ते में दो क्लास लेते हैं फुटबॉल वाले सर और बिट्टू को ठीक से गोल मारना भी नहीं आया, पर रोनाल्डो तो रोनाल्डो है।   

- 2. ड्राइवर बनूँगा - क्यूंकि बड़ा हो कर मैंने BMW चलानी है। बुलेट मोटर साइकिल भी चलानी है। ये बात और है कि कुछ दिन पहले ही उसकी छोटी साइकिल के साइड में लगे दो एक्स्ट्रा छोटे छोटे पहिये हटा दिए गए हैं। 

- 3. इंजीनियर बनूँगा - क्यूंकि साइकिल की चेन अगर उतर जाए तो ठीक करने के लिए प्लास, पेचकस वगैरह का टूलकिट निकालना पड़ता है और उसी से पापा या दादू चेन फिक्स करते हैं। टूलकिट से ही तो इंजीनियर बनते हैं।  

- 4. डॉक्टर बनूँगा - क्यूंकि डॉक्टर लोग दवाई दे कर पेट दर्द और जुकाम ठीक कर देते हैं। जब चोट लगती है तो भी वो पट्टी बाँध के ठीक कर देते हैं। पर डॉक्टर के इंजेक्शन अच्छे नहीं लगते। उनकी दवाई में भी स्मेल आती है। पर फिर उसके नानू भी तो डॉक्टर हैं ! 

खैर, उम्र आगे बढ़ेगी तो बिट्टू के विचार भी बदलते रहेंगे। 

एक दिन रात नौं बजे दादू और दादी के साथ बिस्तर में बैठा बिट्टू अपनी BMW कार चला रहा था। दादू ने कहा, 

- Bittoo I am feeling sleepy and want to lie down. Please remove your car.

- Ok Dadu. Will you tell me a story? 

- Yes yes. Come here.

बिट्टू साथ में ही लेट गया ताकि कहानी सुनने को मिले। फिर दादू की तरफ पलटी मारी और सीरियसली बोला, 

- Dadu open your mouth!

- आ आ आ ! 

- दादू आपके दांत में कैविटी है। You must take medicine.

- Ok ok Dr Bittoo, I shall go to the doctor soon.     

फिर कहानी शुरू हुई और थोड़ी देर बाद बिट्टू सो गया। उसके पापा आ कर उसे नींद में ही उठा कर ले गए।

उसकी स्कूल बस सुबह सात बजे आती है। स्कूल जाने से पहले उसने देखा दादू नहीं है? दादी ने कहा - दादू नहा रहे हैं। बिट्टू ने दादू का मोबाइल लिया और डॉक्टर नानू का नंबर मिला दिया। फ़ोन पर डॉक्टर नानू को बोला,

- Dadu needs medicine, और फोन बंद कर दिया। 

अब डॉक्टर नानू को बेचैनी हो गई। उन्होंने वापिस कॉल किया तो किसी ने भी नहीं उठाया। दुबारा कॉल किया तो भी किसी ने नहीं उठाया। तीसरी कॉल दादू ने उठाई, 

- हेलो गुड मॉर्निंग डॉ साब! 

- आप ठीक हैं? तबियत ठीक है ? क्या हुआ था?  

- सब ठीक है, मैं तो अभी नहा कर बाहर निकला हूँ।

- अच्छा! अभी पांच मिनट पहले ही बिट्टू का फ़ोन आया था, कह रहा था कि दादू को मेडिसिन चाहिए?

- हो हो हो! कल रात उसने मेरे दांत चेक किये थे और कहा था - You need medicine Dadu! शायद इसीलिए आप को फोन मिला दिया ! हा हा हा ! 

(लेख लिखा दादू ने और चित्रकारी की दादी ने)

1 comment:

Harsh Wardhan Jog said...

https://jogharshwardhan.blogspot.com/2026/08/4.html