Pages

Thursday, 5 June 2014

तेरे मेरे पर्स में क्या है ?

बड़े दिनों से मैं ताड़ में था कि देवी जी इधर उधर हों तो ज़रा उनके पर्स की छानबीन करूँ । काफ़ी भारी भरकम है और उसके अंदर जाने क्या क्या भरा होता है । तरह तरह की छोटी बड़ी जेबें होती हैं जिनमें तरह तरह की ज़िपें लगी होती हैं । उनमें से किसी एक जेब में एक छोटा पर्स होता है जिसके हिलने से सिक्के खनकते हैं हालाँकि किस धातु के सिक्के होते हैं ये अंदाज़ा लगाना मुश्किल है । और किसी दूसरी जेब में एक और पर्स होता है जिसमें से मोबाइल निकलता है । इन दो चीज़ों की जानकारी पक्की है बाक़ी तो हाथ डालने पर पता लगेगा ।

वैसे तो सामने पड़ा है पर उसके अंदर झाँकने की हिम्मत नहीं हो रही है । मामला गंभीर है और परिणाम कुछ भी हो सकते हैं । इसलिए क्यूँ न ये काम सीबीआई को दे दिया जाय । या फिर आईएसआई को दे दिया जाए जिसको पूरी फ़ौज की बैकिंग मिली हुई है । पर वहाँ अभी सम्बन्ध सुधरे नहीं है इसलिए वहाँ मामला देना ठीक नहीं है । सीआइए कैसा रहेगा ? बड़ी तारीफ़ सुनी है की साब जासूसी में अव्वल दर्जे पर है ।

बात ये है की पक्का आदेश है की पर्स का पूरा ख़याल रखना है और कच्चा आदेश भी है की हाथ डालने की सोचना भी मत यहाँ तक की सपने में भी नहीं । 

पर इससे पहले अपना पर्स तो देख लूँ । अपने छोटे से, प्यारे से, हल्के से पर्स में क्या क्या है । इस पर्स में एक अदद 500 का नोट, एक अदद 100 का और एक अदद 10 का है । कुल जमा राशि बिल गेट्स के पर्स से तो कम लग रही है पर अपनी इतवार की बीयर तो पक्की है ।

और क्या है इसमें? एक डेबिट कार्ड है पर डेबिट करने के लिए खाते में बैलेंस शून्य दशमलव शून्य है क्यूँकि पैंशन पहली को मिलेगी और आज 25 तारीख़ है ।

दो क्रेडिट कार्ड भी हैं जिन्हें अगर पर्स से बाहर निकालो तो एलर्जी हो जाती है । पर जब तक दोनों कार्ड बटुए के अंदर रहते हैं तब तक पर्स बड़ा  प्रभावशाली लगता है । 

एक ड्राइविंग लाइसेंस है जिस में जड़ी फ़ोटो देख कर अच्छे दिन याद आ जाते हैं । 

170 -170 रूपए की दो रसीदें हैं जिसे लेकर इस इतवार को वरिष्ठ नागरिकों की मीटिंग में जाना है । और दोनों रसीदें जमा करा के लंच करना है ।

एक वरिष्ठ नागरिक होने का फ़ोटो कार्ड है । फ़ोटो में बाल भी पूरे नहीं आए और दाढ़ी ज़्यादा सफ़ेद आ गई है । कमबख़्त फ़ोटोग्राफ़र निकम्मा निकला जाने कहाँ कहाँ से पकड़ लाते हैं । 

पिछले दिनों काफ़ी पूछताछ की, इंटरनेट खंगाला और दोस्तों यारों से विचार विमर्श किया की पर्स को सदा हरा भरा रखने के क्या क्या उपाय किये जा सकते है । बेचारा जल्दी से सुनसान हो जाता है । 

एक पंडित जी ने उपाय बताया की अपनी जन्म तिथि से तीन नोटों के नम्बर मैच कर लो और पीपल के पत्ते में लपेट कर पर्स में रख कर भूल जाओ बस । अरे साब कुछ भी तो न हुआ । 25 तारीख़ आते आते फिर कड़की छा गई और पर्स सूना हो गया । पीपल का पत्ता भी सूख कर रुआँसा हो गया । उसमें लपेटे हुए नोट भी ख़र्च हो गए । 

एक और मित्र ने जाने कैसे पर्स पर भी वास्तु-शास्त्र ठोक दी । यूँ कहा की पर्स इस तरह से रक्खो की ज़्यादा से ज़्यादा देर पूर्व दिशा की ओर रहे । लो कर लो बात की अब गाड़ी चला रहे हैं पश्चिम की ओर----ख़ैर छोड़ दीजिए इस उपाय को ये तो बिलकुल बेकार लगा । 

पर्स का मुँह रिज़र्व बैंक की तरफ़ रख कर भी देख लिया पर बेकार कोई ट्रांसफ़र नहीं आया । 

एक दूसरे पंडित जी ने उपाय सुझाया की आपकी राशि का जो विशेष रंग हो उसी रंग का पर्स लो । अगर न मिले तो उस रंग का एक काग़ज़ पर्स में रक्खो फ़ुल किरपा होगी और पर्स ख़ाली नहीं रहेगा । राशि का रंग वाला काग़ज़ भी फ़ेल हो गया और दूसरे रंग भी । पर्स में रंगीन काग़ज़ ही बचे नोट उड़न छू हो गए । 

अब सारे तंत्र मंत्र बंद कर दिए हैं और पर्स अपने पुराने ढर्रे पर आ गया है । याने पहली तारीखों में तन्दरुस्त, बीच के दिनों में बीमार और महीने के अंत में कोमा में । 


                                              Right-1is wrong & left-1is right 

काली बिल्ली रस्ता काटे !

काली बिल्ली ने रास्ता काट दिया - थाम्बा ! बस थम जाओ वरना बनता काम बिगड़ने की आशंका है । आप इस अंधविश्वास को न माने पर यार दोस्त याद करा देते हैं । पूरे विश्व में काली बिल्लियों को लेकर अंधविश्वास का आतंक फैला हुआ है । पुरानी कहानियों में इस तरह की चर्चा भी थी की अगर किसी ने काली बिल्ली को मारा तो उसके बदलें में उसे सोने की बिल्ली दान देनी पड़ेगी । घनघोर अन्याय !

काले कौवे की कथा कुछ और ही है । पहली बात ये की आप अगर झूट बोले तो काट लेता है । दूसरे अगर घर की मुँडेर पर काले कागा ने कांव कांव की तो समझिए की हिन्ट दे रहा है की मेहमान टपकने वाला है । चाय नाश्ते का इंतज़ाम कर लो तुरंत । और अगर बीयर भी आ रही हो तो ख़बर कर देना । 

फिलहाल काली बिल्ली और काले कौवे को छोड़िए, सफ़ेद रंग की बात करते हैं । चीन में सफ़ेद रंग जुड़ा है मृत्यु से । मृतक के परिवार को सफ़ेद लिफ़ाफ़ों में पैसे रख कर सहायता के रूप में दिए जाते हैं । तो आप चीनी दोस्त को न तो सफ़ेद फूल भेजें और न ही सफ़ेद लिफ़ाफ़ों में पैसे या चैक दें अर्थ का अनर्थ हो जाएगा !

जर्मनी में एक मान्यता है कि कोई मृत्यु शैय्या पर काफ़ी समय से पड़ा हो तो उसके घर की छत की एक खपरैल या टाइल हटा देनी चाहिए ताकी अंतिम साँस आसानी से निकल सके ! याने सीधा सीधा स्वर्ग की ओर !

कुँवारे लड़के लड़कियों को टेबल की नुक्कड़ याने कोने के सामने नहीं बैठना चाहिए । ये मान्यता है रूस में क्यूँकि ऐसा करने से उनको पार्टनर ढूँढ़ने में दिक़्क़त आ सकती है । लो कर लो बात मतलब की कुँवारों के लिए गोल मेज़ ही ठीक रहती है जिसमें कोई कोना ही न हो !

बहुत से लोगों का मानना है कि बुरी नज़र दूर रखने में घोड़े की नाल बड़ी फ़ायदेमंद है । ये नाल मुख्य दरवज्जे पर टांगनी चाहिए । अब ये तो टेढ़ा सवाल है की नाल घोड़ी के खुर की हो या घोड़े की ! और दूसरा सवाल भी एंवे ही है - नाल का मुँह ऊपर हो या नीचे ? आपको जैसा ठीक लगे वैसा कर लेना । 

फिरंगियो को 13 का आँकड़ा बिलकुल पसंद नहीं है । यहाँ तक की ऊँची इमारत में सें 13वाँ माला ही ग़ायब कर देते हैं । या तो 12वाँ माला होगा या फिर 14वाँ । और सुनिए  होटल में 13 नम्बर का कमरा नहीं होगा, अगर सीढ़ी बनेगी ते 13 पायदान की नहीं होगी कम की या ज़्यादा की होगी वग़ैरा । और अगर किसी फ़िरंगी को 13 डालर की पेमेंट मिले तो लेगा या नहीं ?

यही िस्थती जापान में 4 की है । किसी जापानी को चार हिस्सों वाला गिफ़्ट न दें बुरा मनाएगा । वहाँ भी कई होटलों में या अस्पतालों में 4 नम्बर का कमरा नहीं मिलेगा । इसका राज़ तो यह है की '4'और 'मृत्यु' दोनों का उच्चारण जापानी भाषा में एक जैसा है !  

अंग्रेज़ों की और मान्यता है की सीढ़ी के नीचे से निकलना या नए जूते टेबल पर रखना क़िस्मत फूटने के बराबर है । दोनों ही चीज़ें अंधविश्वास कम और कामन सेंस ज़्यादा लगती हैं । सीढ़ी के नीचे से निकलते वक़्त क्या पता सीढ़ी टकला फोड़ दे इसलिए न ही जाना अच्छा है । 

वैसे ज़्यादातर शंकाएँ, अंधविश्वास और मान्यताएँ पशु पक्षियों को लेकर हैं चींटी से लेकर हाथी तक और गौरैया से लेकर मोर तक । अब दिल्ली के फ़्लैटों में रहकर ये सब बेमानी सी लगती हैं । भीड़ और गाड़ियों ने जगह घेर ली है और उनके सामने पशु पक्षी नहीं टिक पा रहे तो कहावतें और किंवदंतीयां कहाँ टिकेंगीं । 

हाँ भूत और चुडै़लें कई फ़्लैटों और मकानों में घूमती रहती हैं क्यूँ की किराया तो देना नहीं होता । और इनका लेख तो रात को ही लिखना पड़ेगा अंधेरे में और वो भी किसी खंडहर मकान या क़िले में बैठकर । सही जगह की तलाश जारी है । आपकी नज़र में हो तो बताना । 

मानो या न मानो