Pages

Wednesday, 1 July 2020

गुड़

बैंक का पब्लिक डीलिंग का समय समाप्त हो गया था और गेट बंद हो चुका था. इसलिए बैंकिंग हाल में हलचल घट गई थी. ऐसे में कपूर साब इधर उधर नज़र घुमा रहे थे. 
- कपूर साब किसे ढूंढ रहे हैं जी?
- बच्चे अज स्वेर तों किसी कुड़ी नाल गल नई कित्ती, कह कर कपूर साब मिसेज़ सहगल के पास जाकर बतियाने लगे. मतलब अगर किसी दिन किसी लड़की से बात ना हो तो कपूर साब का दिन अधूरा रह जाता है. आप तो जानते ही हैं जी की बड़े बैंक की बड़ी ब्रांच में हर तरह के लोग मिल जाते हैं. 

वैसे ये कपूर साब भी कमाल हैं. उम्र चालीस की होने वाली है पर बड़े चाक चौबंद रहते हैं. बढ़िया चकाचक कपड़े, उस पर परफ्यूम और चमकते हुए बूट पहनते हैं. जेब में महंगा सा सुनेहरा पेन लगाते हैं जो बैंक में कभी खुलते हुए देखा नहीं. बाहर निकलते ही रंगीन चश्मा लगा लेते हैं. बड़े मिलनसार हैं ख़ास कर महिलाओं से चाहे वो स्टाफ की हों या कस्टमर. महिलाओं को भी कपूर साब से बतियाना बड़ा अच्छा लगता है. शायद इसका राज़ है की कपूर साब अभी तक बैचलर हैं. कनाट प्लेस के पास ही बंगाली मार्किट है वहीँ कहीं रहते हैं. इसलिए इलाके के चप्पे चप्पे से वाकिफ हैं. आपको ड्राई डे में बियर कहाँ मिल सकती है, डिनर के लिए कौन सा रेस्तरां डिस्काउंट देगा, रीगल सिनेमा हाउसफुल हो तो टिकट कैसे मिलेगी वगैरा इसके लिए आप कपूर साब से संपर्क कर सकते हैं. उनका विचार है की उनसे स्मार्ट इतनी बड़ी ब्रांच में कोई नहीं है.  
     
- अब बोल बच्चे मनोहर? कपूर साब ने पूछा.
- कपूर साब चौबीस साल का हूँ जी. साल भर से बैंक की नौकरी कर रहां हूँ जी. घर वाले मेरी शादी के लिए पीछे पड़े आप मुझे बच्चा ....
- तो जा ना कर ले शादी. 
- मैं ना करता जी गाँव में शादी. शादी तो मैं यहीं दिल्ली में करूँगा. 
- पहले हुलिया तो ठीक कर ले बच्चे. बालों में तेल चुपड़ा है, कपड़े ऐसे हैं की खेत में गुड़ाई कर के आया हो. कैसे  होगी तेरी शादी दिल्ली में. 
- फेर कैसे होगी? 
- स्टाइल सीख बच्चे स्टाइल. जीन्स और टी शर्ट, बाल छोटे और बिखरे हुए, परफ्यूम और रंगीन चश्मा. फिर ले एक फटफटिया. थोड़ी थोड़ी अंग्रेजी भी बोला कर - यू नो?, आई नो! दिस इज़ कूल! ओ डीयर! और लड़कियों से चाय नहीं पूछना कॉफ़ी पूछना. मैं तुझे पूरा ट्रेन कर दूंगा.
- अच्छा जी?
- फिर तू ब्रांच क्या इस बिल्डिंग की जिस भी लड़की को कहेगा तेरे से मिलवा दूंगा संध्या को छोड़ कर. वो तेरे से एक दो साल बड़ी है.
- पर कपूर साब मुझे तो वो भी अच्छी लगती है?
- भूल जा उसे. चल तुझे कपड़े दिलवाऊं पहले.

गुरु कपूर के चेले मनोहर नरूला उर्फ़ मन्नू की दस दिनों में शकल ही बदल गई. बड़ी जल्दी दिल्ली की हवा और उड़ती चिड़ियों को पहचानने लगा. एक शुभ महूरत ऐसा आया की वो संध्या की टेबल पर विराजमान हो गया.
- कहाँ के रहने वाले हो मनोहर?
- पास में ही गाँव है जी. मोटरसाइकिल से एक घंटे में पहुँच जाते हैं जी.
- गुड.
- आजकल तो जी गन्ने का सीजन है और घर में गुड़ बन रहा है. आपको ले जाना तो चाहता हूँ जी पर ले जा नहीं सकता.
- मतलब?
- कपूर साब ने मना कर रखा है की संध्या से ज्यादा बात नहीं करनी है.
- अच्छा? 
- हूँ.
- आप कह रहे हो की घर जाने में एक घंटा लगता है तो एक घंटा आने में लगेगा. एक घंटा वहां पर. ऐसा कर सकते हो की सन्डे को 9 बजे मुझे पिकअप कर लो और एक बजे तक वापिस छोड़ दो?
- हाँ जी हाँ जी बिलकुल हो सकता है जी.
- तो डन?
- दिस इज कूल जी!, मनोहर नरूला के दिल में सितार बज गई!

सोमवार को लंच के बाद संध्या ने मन्नू को बुलाया और कहा,
- कॉफ़ी आ रही है बैठो.
- पर वो कपूर साब घूर रहे हैं जी?
- चुप बैठे रहो.
टेबल पर कॉफ़ी के कप, मनोहर और संध्या को देख कर कपूर साब का माथा ठनका. आ गए और बोले,
- बच्चे कोफ्फी पी रहा है?
इससे पहले की मन्नू कुछ बोले संध्या ने जवाब दे दिया,
- ये बच्चा भी है और दिल का सच्चा भी है. कल इसके गाँव भी घूम आई मैं और गुड़ भी ......
तब तक कपूर साब भिन भिन करते हुए वहां से खिसक लिए. 
- मनोहर आपके गुरु का मुख कड़वा हो गया है. अगली बार इनके लिए गाँव से गुड़ ले आना. 
 कॉफ़ी 

 

Sunday, 21 June 2020

घर में योग 2020

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को मनाया जाता है. हर साल इस 'त्यौहार' की कोई ना कोई थीम रख दी जाती है और इस बार अर्थात 2020 की थीम है 'घर में योग'. कोरोना के साइड इफ़ेक्ट कहाँ नहीं पहुंचे!
पिछले बरसों में क्रम यूँ था:
योग दिवस 2015 की थीम थी - सामंजस्य और शांति,
योग दिवस 2016 की थीम थी - युवाओं को जोड़ें,
योग दिवस 2017 की थीम थी - स्वास्थ्य के लिए योग,
योग दिवस 2018 की थीम थी - शांति के लिए योग और 
योग दिवस 2019 की थीम थी - क्लाइमेट एक्शन.

योग के इतने फैलाव ने मूल सिद्धांत को कहीं का कहीं पहुंचा दिया. परिभाषा तो इस प्रकार है: योगश्चित्तवृतिनिरोधः पातंजलि योग दर्शन में 'चित्त की वृत्तियों का निरोध' को योग कहते हैं. 
कुशल चितैकग्गता योगः बौद्ध साहित्य में 'कुशल चित्त की एकाग्रता' को योग कहा गया है.
पर योग अब योगा बन गया है और मूल दर्शन छोड़ कर व्यापार भी. चलिए छोड़िए हरी अनन्त हरी कथा अनन्ता. इस विषय पर फिर कभी बात होगी.

स्वस्थ शरीर और शांत मन के लिए योगासन और प्राणायाम के बाद थोड़ी देर शांत एकाग्र चित्त बैठना बड़ा फायदेमंद है. ख़ास कर के रिटायरमेंट के बाद. और अगर भोजन पर भी ध्यान रखा जाए तो डॉक्टर की जरूरत बहुत कम पड़ती है. 

आम तौर पर हम लोग होली से दिवाली तक पार्क में दरी बिछाते थे. पर इस बार कोरोना के कनकौव्वे ने रुकावट डाल दी. और इस साल की थीम भी 'घर में योग' हो गई. लिहाजा अब दरियां घर में ही लग रही हैं. भारतीय योग संस्थान दिल्ली से 1996-97 में सीखी थी तब से जारी है. यात्रा में जाना हो तो भी दरियां साथ ही चलती हैं.
 
यक़ीनन फायदेमंद है सबको सीखना चाहिए. शरीर निरोगी रहता है और मन शांत. उमर के कारण आने वाले शारीरिक बदलाव रोके नहीं जा सकते पर योग द्वारा शरीर को स्वस्थ और मन को शांत कर सकते हैं. 

इसलिए करो ना योग!      
धनुरासन 

उष्टआसन 

मतस्य आसन 

वृक्ष आसन 

पवन मुक्त आसन 

प्राणायाम 
सुप्तवज्र आसन