Pages

Tuesday, 16 June 2020

परांठे पर टैक्स

परांठे पर टैक्स? वो भी 18%? ये तो सरासर अन्याय हो गया. सुबह नाश्ते में परांठा ना हो तो सारा दिन ऐसा महसूस होता है कि नाश्ता ही नहीं किया. कई बार तो परांठे का नाश्ता करने मूरथल भी हो आये. मूरथल ढाबों की तो शान है परांठा. पर जब अखबार पढ़ी तो पता लगा की खबर सही है. 'तैयार' याने pre-cooked रोटी पर 5% जी एस टी और परांठे पर 18% जी एस टी लगा करेगा. 

हमारा और ज्यादातर उत्तर भारत का नाश्ता रोटी/परांठा + सब्जी + दही + चाय जैसे कॉम्बिनेशन से होता है. और अगर भरवां परांठा हो तो कहना ही क्या! भरवां परांठे की वैरायटी का तो कोई अंत नहीं है. भरने वाली चीज़ों की लम्बी लिस्ट है - आलू, प्याज, लहसुन, तरह तरह की दालें, पनीर, मेथी, चौलाई, करेला, गुड़, जीरा, अजवाइन आदि. परांठा चाहे तो तवे पे बनाएं या फिर तंदूर में भी बना सकते हैं. कड़क तंदूरी भरवां परांठा तो पीज्ज़ा को भी फेल कर देता है. और नॉन वेज वालों के लिए अंडा परांठा भी है.   

सबसे पहले परांठा किस देवी या सज्जन ने बनाया होगा यह तो रिसर्च का विषय है पर उसको हमारी तरफ से सलामी देना तो बनता है! रहा नाम तो ऐसा लगता है की परात+आटा से परांठा नाम बन गया होगा. आज के ज़माने में तो परांठा लगभग पूरे देश में ही मिलने लगा है. हमने तो गौहाटी, हैदराबाद, कोच्ची, बंगलुरु और कन्याकुमारी में भी खाया है. हालांकि नाम और स्वाद में थोड़ा बहुत अंतर हो जाता है, जैसे की परांठा, परोंठा, प्रोंठा, परान्वठा, पराठा, पराटा, परोटा, परान्टा वगैरा.

अब रोटी तो सूखी चबाई नहीं जाती साथ में कोई दाल सब्ज़ी तो चाहिए.  
जो सब्ज़ी या दाल रोटी के साथ अलग से सर्व होनी थी अगर वही सब्ज़ी या दाल परांठे में प्रवेश कर जाती है तो क्यूँ नाराज़गी दिखा रहे हो भई? रेट भी लगाया तो लक्ज़री वाला! जी एस टी के दो ऊपर वाले रेट लक्ज़री आइटम के हैं वही चेप दिया. जी एस टी रेट देखिये:

भारत में पांच तरह के रेट :- 0% - 5% - 12% - 18% - 28%,  
ऑस्ट्रेलिया में दो तरह के रेट :- 0% - 10%, 
जर्मनी में दो तरह के रेट :- 7% - 19%,
न्यूज़ीलैण्ड में एक ही रेट :- 15% 

कर्णाटक के जिन किसी जी एस टी अधिकारियों ने टैक्स लगाया उन्होंने परांठा खाया तो जरूर होगा और अगर ना भी खाया हो तो सुना जरूर होगा.  उनसे अनुरोध है की इस फैसले पर पुनर्विचार करें. 

वाह परांठा 



Saturday, 13 June 2020

कान में

 छुट्टी आ रही है बच्चो एक हफ्ते की. दादी के घर जाना है क्या?
- हाँ हाँ! ट्यूबवेल में नहाएंगे.
- तो अपने अपने बस्ते तैयार कर लो. सन्डे सुबह छे बजे निकलेंगे. तुम दोनों वहीँ रुक जाना हम दोनों वापिस आ जाएँगे. फिर अगले सन्डे मैं तुम दोनों को वापिस ले आऊंगा. ठीक है?
- पर खटारा बस में नहीं जाएंगे बाइक पर जाएंगे.
- ओके.

इतवार सुबह बालकों को उठने में देर नहीं लगी वर्ना तो स्कूल जाने में चार चार बार आवाज़ लगानी पड़ती है. दोनों के बस्ते भी तैयार थे, टूथब्रश, चप्पल कपड़े सब कुछ फिट था. बाइक पर सामान बाँध दिया. अब हमेशा की तरह सवाल खड़ा हो गया - आगे कौन बैठेगा? 
- देखो यहाँ से गंगनहर तक जो आगे बैठेगा वो गंगनहर से दादी के घर तक पीछे बैठेगा. 

फट फट करती फटफटिया गंगनहर पहुँच गई. नहरिया के ठन्डे ठन्डे पानी में पैर डाल कर सबने दो दो आम खाए. इस आम-ब्रेक के बाद आगे की सवारी पीछे चली गई और पीछे की आगे आ गई. अब फिर से फटफटिया में किक मारी और सोनू ते मोनू दी गड्डी सीधा जा के दादी के द्वारे रुकी. वहां भाई बहनों के बच्चे भी आए हुए थे. बाल मेला शुरू हो चुका था. हल्ला गुल्ला, मार पीट और शिकवे शिकायतों का बोलबाला था. पर ये सब मेला दादी दादा को खूब पसंद आता है. खैर दादी दादा से ये कह कर वापिस आ गए की हो सके तो बच्चों को हस्तिनापुर घुमा देना.

वापिस आ कर बच्चों ने शौक से हस्तिनापुर ट्रिप के बारे में बताया. कैसे कैसे मंदिर देखे और बोटिंग भी की. खेत में ट्यूबवेल के मोटे पाइप से खूब तेज़ पानी के नीचे खड़े होकर कैसे नहाया और कैसे मोटी धार जब बंटी के ऊपर गिरी तो उस की चड्डी नीचे खिसक गई!

पर दोनों ने मम्मी के कान में एक शिकायत भी की. वो भी इस शर्त पर की ये बात पापा को नहीं बतानी है,
- वहां न जब बैट बॉल खेल रहे थे तो बंटी ने खिड़की के दो शीशे तोड़ दिए. पर जब दादा ने पूछा तो झूट बोल दिया की हमने शीशा तोड़ा.

शाम को जब चारों खाना खाने बैठे तो मम्मी ने बच्चों के सामने सारी बात बता दी. बच्चे मम्मी को और फिर पापा को घूरने लग गए,
- ये क्या किया मम्मी ने? अब क्या कहेंगे पापा?

- अरे यार मम्मी सारी बातें मुझे बता देती है और मैं मम्मी को. इसलिए कान में फुस फुस करना छोड़ दो. साफ़ बोल दिया करो गलत हो गया तो भी सही हो गया तो भी. कानाफूसी पर अब एक किस्सा सुनो. एक रानी ने बेटे को जन्म दिया. रानीमहल की दासियों में से एक ने तुरंत राजा के बेडरूम की तरफ दौड़ लगा दी. उसने सोचा अगर मैं पहले खबर दूंगी तो मुझे सबसे बड़ा इनाम मिलेगा. जैसे ही उसने दरवाज़ा खोला तो बाहर बैठा एक कौवा कांव कांव करता उड़ गया. इधर दूसरी दासियाँ समझ गईं की पहला इनाम तो हाथ से निकल गया. जलभुन कर दूसरी दासी ने तीसरी दासी के कान में कहा,
- देखो ख़ुशी के मौके पे पगली ने काला कौवा उड़ा दिया.
तीसरी दासी ने चौथी के कान में कहा,
- इधर राजकुमार हुआ उधर काला कौवा उड़ने लगा. 
चौथी दासी ने पांचवी से कहा,
- राजकुमार क्या आया काले कौव्वे उड़ने लगे.
पांचवी दासी ने छठी को कहा, 
- हे भगवान! राजकुमार शायद काला होगा क्यूंकि काले कौव्वे उड़ने लग पड़े.
छठी दासी ने सातवीं से कहा,
- काले हमारे राजकुमार और ये काले कौव्वे? हे राम जी ये कौन सा रिश्ता है?
सातवीं दासी ने आठवीं के कान में कहा,
- देवा रे देवा राजकुमार पैदा हुआ है या काला कौवा?
कुछ ही देर में महल और शहर में खबर फ़ैल गई की रानी ने काले कौवे को जन्म दिया है!
जब राजा के कान में ये बात पड़ी तो तुरंत अपने जासूस भेजे और दासियों को पकड़ कर जेल में डाल दिया. ये होता है कान में फुस फुस करने का नतीजा.
- तो अब बताओ खिड़की का शीशा किसने तोड़ा था?

दादी के पास