Pages

Wednesday, 10 June 2020

परफ्यूम

मैनेजर बनने के बाद नरूला साब बधाइयों के मज़े ले रहे थे. जब प्राचीन काल में बैंक ज्वाइन किया था तब तो लगता था कि क्लर्क ही रिटायर हो जाएंगे. परन्तु बैंक ने धड़ाधड़ ब्रांचें खोलनी शुरू कर दी तो प्रमोशन भी थोक के भाव होने लगी. और नरूला साब भी पहले अफसर और फिर मैनेजर भी बन गए. 

नरूला साब मैनेजर बने तो मिसेज़ नरूला का जनरल मैनेजर बनना स्वाभाविक ही था. भई मैनेजर की कुर्सी पर बिठाने में धक्का तो मिसेज़ नरूला ने भी लगाया था! शायद इसीलिए उन्हें ज्यादा बधाइयां मिल रही थीं. उन्हीं के दबाव में साब और मेमसाब दोनों बाज़ार गए. मेमसाब ने कुछ नई शर्ट पैन्ट दिलवा दी, नए जूते दिलवाए और कुछ सफ़ेद रुमाल भी ले दिए. बतौर मैनेजर पहली बार ब्रांच मिलनी थी इसलिए ये सब तो बहुत जरूरी था जी.  

वैसे नरूला साब को शांति पसंद थी जल्दीबाजी बिलकुल पसंद नहीं थी. घर से बैंक के लिए काफी पहले निकलते, स्कूटर भी खरामा खरामा चलाते और ऑफिस का काम भी आराम आराम से करते हैं. बैंक से सीधे घर आ जाते थे. उनकी शौपिंग भी मैडम ही करवा देती थी. अब तो खैर गाड़ी ले ली है पर वो भी धीरे ही चलाते हैं. उन्हें तीन से ज्यादा गियर लगाना पसंद नहीं है. वो बात और है की कोई सिरफिरा रिक्शे वाला टोक देता है - 'बढ़ा ले! बढ़ा ले!'

नई ब्रांच का पहला दिन था. मिसेज़ नरूला ने काजू, बादाम और किशमिश डाल कर हलवा बनाया. अपने हाथ से साब को हलवा खिलाया और एक बड़ा डब्बा पैक भी कर दिया. साथ में हिदायत भी दे दी की स्टाफ को भी खिला देना. चलने के लिए नरूला साब तैयार हुए तो मिसेज़ बोलीं,
- ओहो आपकी परफ्यूम तो ली नहीं! चलो आज तो यही लगा लो, कह कर उन्होंने साब के ऊपर अच्छी तरह स्प्रे कर दी.

ब्रांच में स्टाफ से पहली मुलाकात अच्छी रही. दो महिलाएं भी थी एक ऑफिसर और एक क्लर्क दोनों ने नए साब का स्वागत किया. वापिस घर पहुँचने के बाद नरूला साब ने अपने जनरल मैनेजर को विस्तार से सब कुछ बताया और उनकी तसल्ली हो गई. अगले दिन गाड़ी बैंक की ओर फिर चल पड़ी. लंच टाइम के बाद महिला क्लर्क केबिन में आई और बोली,
- सर आप झुमरी तल्लैया ब्रांच से आए हैं ना?
- हाँ.
- सर मैं भी वहां पांच साल पहले पोस्टेड थी. 
- गुड. मैं तो बस पिछले साल ही था वहां, प्रमोशन हुई तो यहाँ आ गया.
- सर घर में कौन कौन है? 
- श्रीमती है मतलब हम दोनों ही हैं. बिटिया की तो शादी हो चुकी.
- ओके ओके. अच्छा तभी. किरण और मैं आपस में बात कर रहे थे मैंने सोचा आपको बता ही दूँ. सर बुरा तो नहीं मानेंगे?
- नहीं. बोलिए आप.
- सर ये जो परफ्यूम लगाई है न आपने, ये लेडीज़ परफ्यूम है. 
- ओह!
परफ्यूम 


Sunday, 7 June 2020

रज्जो का ब्याह

रजनी उर्फ़ रज्जो अपने माता पिता की पहली संतान थी. दोनों खुश थे पर बापू सोच रहा था अगली बार लड़का होना चाहिए. लड़की दो साल की होने वाली थी पर कोई बात या किसी शब्द का उच्चारण ही नहीं कर रही थी तो वो डॉक्टर से मिले. उन्हीं बताया गया की शहर के बड़े अस्पताल में दिखाना होगा. जीभ निचले तलुए से जुड़ी हुई है शायद ऑपरेशन से ठीक हो जाए. पचास हज़ार तक लग सकते हैं. रज्जो की माँ ने कभी घर में एक मुश्त पांच हज़ार भी नहीं देखे थे. दोनों ने भगवान् पर छोड़ दिया वो चाहेगा तो ठीक हो जाएगी वरना इसकी किस्मत.   

अगले साल रज्जो की नन्हीं बहन आ गई. बापू की निराशा बढ़ गई. बेटा होता तो ठीक था नहीं हुआ. बिधि के बिधान ढंग से समझ ही नहीं आते. इन दो को सम्भालते सँभालते और शादियाँ करते उमर निकल जाएगी. इस बार रज्जो की माँ भी बापू के साथ शामिल हो गई. नहीं जी भगवान अगली बार जरूर सुनेगा. इस बार बड़े मंदिर में पूजा करने जाउंगी.

रज्जो को स्कूल दाखिल करने का समय आया तो सोचा अभी क्या करना है उसे पढ़ा के. छोटी अगले साल जाएगी तो दोनों को साथ ही भेज देंगे. अगले साल दोनों को एक साथ ही गाँव के स्कूल में दाखिल कर दिया. ना तो टीचर और ना ही क्लास की लड़कियां रज्जो पर ध्यान देती थी. उल्टे उसका मज़ाक उड़ाती और मार पीट कर के भाग जातीं. रज्जो मन मसोस कर रह जाती की उसकी कोई सुनवाई नहीं होती थी. छोटी कभी उसका साथ देती और कभी वो भी खिंचाई कर देती. 

धीरे धीरे रज्जो का मन स्कूल से हट गया और घर में ही रहने लगी. बकरियां आसपास चरा लाती, गाय को भूसा सानी दे देती थी. बकरियां और गाय ना तो उसकी शिकायत करती और ना ही उसे चांटा घूंसा मर कर परेशान करती. इसलिए स्कूल के बजाए घर के आसपास, खेतों में और पेड़ों पर चढ़ कर बैठने में ज्यादा अच्छा लगता था. बकरियों और गाय से दोस्ती अच्छी लगती थी.

रज्जो पंद्रह की होने लगी तो माँ बापू को लगा बिटिया 'सयानी' हो गई है और इसका कुछ करना पड़ेगा. पर भगवान् की मर्ज़ी नहीं थी अभी. बहुत हाथ पैर मारे पर कहीं भी रिश्ता नहीं हो पा रहा था. बापू अपनी मजूरी छोड़ के आसपास के गाँव खेड़े में साइकिल लिए भटकता रहता पर कोई उपाय नहीं निकला. अक्सर बापू से रज्जो के बजाए छोटी के बारे में पूछताछ होती और बात ख़तम हो जाती. माँ, बापू और दोनों बेटियों को भी अब स्थिति समझ आ रही थी. 

जैसे जैसे हफ्ते और महीने गुज़र रहे थे वैसे वैसे घर के माहौल में कड़वाहट बढ़ रही थी. बापू की आवाज़ अब कर्कश होती जा रही थी और बापू बड़बड़ाने और गालियाँ देने लग जाता. कभी गुस्से में और कभी खीझ कर किस्मत और दुनिया को कोसने लग जाता. एक दिन बड़े तड़के उसने पास की चारपाई पर सोई माँ को जगाया और खेत की तरफ ले गया और बोला,
- नींद ना पड़ी सारी रात. क्या करें?
- मैं न जानू , कह कर माँ रोने लग पड़ी. 'जो चाहो कर लो'.
- दोनों का ब्या एकी लड़के से कर दूँ?
जवाब में माँ का रोना और तेज़ हो गयाऔर दोनों आपस में गले लग के रोने लगे.

अगले दिन चुप्पी छाई रही. पर रात में फैसला हो गया कि दोनों लछमन के बेटे के संग चली जाएँगी. अच्छा सा दिन देख कर दोनों को विदा कर दिया गया. अगले साल ही अच्छी खबर आ गई कि रज्जो और छोटी दोनों के लड़के पैदा हुए हैं. चार महीने बाद रज्जो बच्चे को लेकर अपने माँ बापू से मिलने गाँव आई. 

पर रज्जो फिर कभी वापिस नहीं गई. 

रज्जो का गाँव