Pages

Thursday, 29 May 2014

सोने की चिड़िया कहाँ गई?

बचपन से पढ़ते और सुनते आ रहे हैं की भारतीय उपमहाद्वीप बड़ा ही सम्पन्न प्रदेश था । भारत को सोने की चिड़िया कहते थे । और यहाँ दूध घी की नदियाँ बहती थी । ज़रा सुंदर सी भाषा में कहा गया पर कहने का मतलब है की भारत धन धान्य से पूर्ण रहा होगा और ज़्यादातर लोग जीवन का आनंद ले रहे होंगे । धूम धाम से और बार बार त्योहार मनाते होंगे । क्यों क्या कहते हैं आप ?

वैसे मुझे लगता है की ये सोने की चिड़िया आजकल भी यहीं रहती है पर कुछ थोड़े से लोगों के पास क़ैद है । शायद 1000-1200 लोग होंगे जिनके घरों में इस तरह की चिड़िया के घोंसले होंगे । और नहीं तो दस बारह हज़ार लोगों के पास इस चिड़िया के अंडे ज़रूर होंगे । किसी के पास छोटे और किसी के पास बड़े अंडे होंगे । किसी के पास एक अंडा और किसी के पास कई । इसके अलावा और दस बारह हज़ार लोगों ने सोने की चिड़िया के गिरे हुए सुनहरे पंख बटोर लिए होंगे । 

शायद 3.5 करोड़ करदाताओं को छोड़ कर 120 - 22 करोड़ लोग तो ख़ुद के चुग्गे दाने के चक्कर में दिन गुज़ार देते हैं । सोने की चिड़िया की बात तो दूर रह गई ।  पर ज़रा भारत में सबसे ज़्यादा सालाना 'तनख़्वाह' लेने वालों में से टोप 10 नामों पर नज़र डालिए जिन्होंने वर्ष 2012-13 में सुनहरी चिड़ियां पाली हुई थीं :

कलानिधि मरन -------------₹ 57.01     ( करोड़  )

कावेरी कलानिधी -----------₹ 56.24

नवीन जिंदल ----------------₹ 54.98

कुमार मंगलम बिड़ला --------₹ 49.62

पवन कुमार मुंझाल ----------₹ 32.80

ब्रिज मोहन लाल -------------₹ 32.73

सुनील कांत मुंझाल ----------₹ 31.51

पी आर सुब्रामनिया राजा------₹ 30.96

सज्जन जिंदल ---------------₹ 27.50

मुरली के़. दिवी --------------₹ 26.46

इस लिस्ट में मुकेश अम्बानी ₹ 15 करोड़ की सालाना 'तनख़्वाह' ले कर 22 वें स्थान पर हैं । मुकेश इतने पैसे सन 2008-09 से ले रहे हैं हालाँकि RIL के शेयर होल्डरों ने ₹ 38.93 करोड़ की मंजूरी दे दी थी । वाह क्या बात है ! 

पर यहाँ नेताओं की बात करना बेकार है उनके पास तो सोने की चिड़िया, सोने के पिंजरों में रहती है और हीरे मोती चुगती है और पाँच सालों में बहुत से अंडे दे जाती है । 

और आपका ये पेंशनर मित्र हर्ष वर्धन जोग अंदाज़न 96,17,670 वें स्थान पर है । 

कारण ? अरे साब अपने जाल में न तो ये चिड़िया फँसी और न ही कोई अंडा हाथ लगा हालाँकि हाथ पैर मारने में हमने कोई कसर नहीं छोड़ी थी । निकले तो थे चिड़िया फँसाने पर कौवे, चील और गिद्ध चोंच मारने लग गए । 

हम तो उल्टे अपनी तनख्वाह में से इनकम टैक्स ही देते रहे । अब तो रिटायर हो गए तो भी इनकम टैक्स ने अभी तक पीछा नहीं छोड़ा है । पता नहीं जो टैक्स अब तक अदा किया उसका किसी ने अंडा बनाया या ओमलेट !


हम चले खोजने सोने की चिड़िया 

Tuesday, 27 May 2014

बिन दाढ़ी मुख सून

भारत के 15वें प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी 

नरेंद्र मोदी के प्रधान मंत्री बनते ही हम जैसे दाढ़ी वालों की बिरादरी में ख़ुशी की लहर दौड़ गई है । अब कम से कम पाँच बरस तो दाढ़ी मीडिया में छाई रहेगी । और क्या जाने उससे आगे भी छाई रहे । अब विपक्ष को कौन समझाए की दाढ़ी वाले से मुक़ाबला आसान नहीं है ।

देखिए साब दाढ़ी से पर्सनालिटी तो प्रभावशाली बनती ही है पर इसके और भी बहुत से फ़ायदे हैं :

रोज़ रोज़ दाढ़ी खुरचने का टाइम बचता है । साथ ही क्रीम और ब्लेड का ख़र्चा भी बचता है । 

- दाढ़ी चेहरे पर अल्ट्रावायलेट के प्रभाव से लगभग सन् स्क्रीन क्रीम के बराबर बचाव करती है । और भी बचत !

- धूल, धूप और धुएँ से भी चमड़ी की सुरक्षा करती है । जिस तरह नाक के बाल धूल के कणों को रोकते हैं उसी तरह से दाढ़ी भी यही काम करती है । याने धूल और प्रदूषण जैसी चीज़ों से चमड़ी पर होने वाली एलर्जी से काफ़ी हद तक बचाव कराती है । 

- चूंकी धूल या धूप सीधे सीधे चमड़ी पर नहीं पड़ती तो चमड़ी की नमी भी बरक़रार रहती है । फ़ायदे ही फ़ायदे !

- और फिर मच्छरदानी का काम तो सोने में सुहागा है । 

कितने ही बम्बईया हीरो आजकल दाढ़ी बढ़ा रहे हैं अपने रोल के चक्कर में । अक्षय कुमार की खिचड़ी दाढ़ी अगली फ़िल्म गब्बर के लिए है और शाहिद कपूर काली दाढ़ी के साथ नई फ़िल्म हैदर की तैयारी में हैं । 

दाढ़ी पर शेक्सपीयर क्या कहते हैं ज़रा देखिए:

'He that hath a beard is more than a youth, and he that hath no beard is less than a man'.

दाढ़ी की चर्चा हो तो काका हाथरसी की एक सुंदर कविता याद आ रही है :

                    ‘काका’ दाढ़ी राखिए, बिन दाढ़ी मुख सून
                    ज्यों मंसूरी के बिना, व्यर्थ देहरादून
                    व्यर्थ देहरादून, इसी से नर की शोभा
                    दाढ़ी से ही प्रगति कर गए संत विनोबा
                    मुनि वसिष्ठ यदि दाढ़ी मुंह पर नहीं रखाते
                   तो भगवान राम के क्या वे गुरू बन पाते ?

                    शेक्सपियर, बर्नार्ड शॉ, टाल्सटॉय, टैगोर
                    लेनिन, लिंकन बन गए जनता के सिरमौर
                    जनता के सिरमौर, यही निष्कर्ष निकाला
                    दाढ़ी थी, इसलिए महाकवि हुए ‘निराला’
                    कहं ‘काका’, नारी सुंदर लगती साड़ी से
                    उसी भांति नर की शोभा होती दाढ़ी से।

बस तो जनाब अब आप देर न करें !

अभिनेता अमिताभ बच्चन शानदार फ़्रेंचकट में 

अभिनेता प्राण एक पठान के रूप में


अब्राहम लिंकन अमेरीका के 16वें राष्ट्रपति 
आपका आज्ञाकारी