Pages

Friday 26 October 2018

ज़ीरो माइल स्टोन

दिल्ली के राजघाट और मुम्बई के होर्निमैन सर्किल में क्या सम्बन्ध है? इस प्रश्न का उत्तर ये है कि दोनों जगहों पर ज़ीरो माइल स्टोन हैं याने जहां से दूरियां नापी जाती हैं. इसी तरह हैदराबाद में आल इंडिया रेडियो के पास, नागपुर में रिज़र्व बैंक चौराहे के पास और मेरठ में बेगम पुल के पास ज़ीरो मील पत्थर लगे हुए हैं. आपके शहर में भी एक ज़ीरो का मील पत्थर होगा जो दूरियां नापने का मानक या standard benchmark माना जाता है.

तो फिर देश का ज़ीरो माइल स्टोन कहाँ है? ज्यादातर देशों में ज़ीरो उन देशों की राजधानी में है. परन्तु भारत में 1907 में नागपुर को ब्रिटिश राज का केंद्र बिंदु मान कर ज़ीरो माइल स्टोन का पत्थर लगाया गया. इस पत्थर से राजघाट दिल्ली के ज़ीरो मील पत्थर की दूरी 1078 किमी है. इसी पत्थर से समुद्री सतह - mean sea level की  ऊँचाई भी नापी गई.

नीचे दी हुई पहली फोटो ज़ीरो माइल स्टोन नागपुर की है जिसमे बलुए पत्थर का खम्बा 6.5 मी ऊँचा है. खम्बे का गोलाकार आधार 7.90 मी व्यास का है. इसके उपर का चबूतरा षटकोणीय है जिस पर आठ शहरों के नाम और उनकी दूरीयां दर्ज हैं जैसे कि हैदराबाद 318 मील.

तीसरी फोटो में एक पत्थर है जिस पर G.T.S लिखा हुआ है याने Great Trigonometrical Survey. पहला सर्वे 1802 में ईस्ट इंडिया कंपनी के फौजी ऑफिसर विलियम लैम्पटन ने शुरू कराया जो रुक रुक कर चलता रहा और 1871 में सम्पूर्ण अविभाजित भारत का पहला नक्शा तैयार हुआ. नपाई की एक खासियत थी की इसकी शुरुआत एक त्रिभुज से की गई और उसमें आगे त्रिभुज जोड़ते चले गए. पहला त्रिभुज मद्रास / चिन्नई, में बनाया गया. इस त्रिभुज का आधार 7.5 मील लम्बी समतल लाइन थी, एक भुजा माउंट डेल्ले की पहाड़ी तक थी और दूसरी तड़ीयाडमोल पहाड़ी तक. यहाँ से फिर भारतीय उपमहाद्वीप के पूर्वी समुद्र तट याने चेन्नई तट से पश्चिमी तट तक के सर्वे में पांच साल लगे थे.

ज़ीरो मील पत्थर का स्मारक राष्ट्रीय राजमार्ग 7 पर है. स्मारक देखने का कोई टिकट नहीं है क्यूंकि ये सड़क के किनारे ही है और 24 घंटे खुला है कभी भी देखा जा सकता है. पार्किंग की जगह नहीं है. चार घोड़े और खम्बा किसने लगाया इसका रिकॉर्ड नहीं है.

बहरहाल आपके शहर का ज़ीरो मील पत्थर याने खूँटी कहाँ है?

1. ज़ीरो माइल स्टोन नागपुर 

2. ज़ीरो मील पत्थर - भारत का केंद्र 

3. ये वो पत्थर है जिसे शून्य बिंदु मान कर शहरों की दूरियां नापी गईं Standard Bench Mark

भारत के नक़्शे में ज़ीरो मील पत्थर 

विकिपीडिया से साभार - ये नक्शा जो Great Trigonometrical Survey में इस्तेमाल किया गया. त्रिभुजों की सहायता से नपाई की गई   




1 comment:

Harsh Wardhan Jog said...

https://jogharshwardhan.blogspot.com/2018/10/blog-post_26.html